रायपुर

रायपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 5 करोड़ 65 लाख के मादक पदार्थ नष्ट।

रायपुर (ट्रैक सिटी)/ रायपुर पुलिस आयुक्तालय ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 5 करोड़ 65 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में मध्य क्षेत्र द्वारा सिलतरा स्थित इकाई में की गई।

पूरी प्रक्रिया पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल और जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार शर्मा भी मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार मध्य क्षेत्र के विभिन्न थानों में दर्ज कुल 97 मामलों में जब्त मादक पदार्थों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नष्ट किया गया। इनमें लगभग 494 किलोग्राम गांजा, 11 हजार 964 कैप्सूल और गोलियां, 11.217 किलोग्राम चरस, 31.95 ग्राम ब्राउन शक्कर, 24.24 ग्राम मादक रसायन और 8.19 ग्राम कोकीन शामिल है।

नष्टीकरण से पहले पर्यावरणीय स्वीकृति, अनापत्ति प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। पूरी कार्रवाई सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप की गई तथा चल-चित्रांकन और दस्तावेजीकरण भी सुनिश्चित किया गया।रायपुर पुलिस ने इसे नशे के खिलाफ बहुआयामी रणनीति का हिस्सा बताया है। पुलिस का कहना है कि एक ओर मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर आदतन अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई और आर्थिक जांच के जरिए उनके अवैध नेटवर्क पर भी प्रहार किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने कहा कि सरकार की मंशा केवल आरोपियों को जेल भेजने तक सीमित नहीं है, बल्कि जब्त नशीले पदार्थों के समयबद्ध और पारदर्शी नष्टीकरण के जरिए पूरे नशे के तंत्र पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना भी उद्देश्य है। रायपुर पुलिस ने नशामुक्त और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button