लगातार बारिश से कोरबा में नदी उफान पर, सीतामढ़ी के घरों में घुसा पानी
कोरबा(ट्रैक सिटी)। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश के बीच कोरबा जिले में भी बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश और ऊपरी क्षेत्रों से आ रहे पानी के कारण जिले की प्रमुख हसदेव नदी उफान पर है।
बढ़ते जलस्तर और बांध में पानी के दबाव को नियंत्रित करने के लिए मिनीमाता हसदेव बांगो बांध के 10 गेट खोल दिए गए हैं। वहीं दरी डैम से भी लगातार पानी छोड़े जाने के कारण हसदेव नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
नदी में बढ़े जलस्तर का असर अब निचले इलाकों में दिखाई देने लगा है। कोरबा के सीतामढ़ी क्षेत्र में कुछ घरों में नदी का पानी घुस गया है। जलभराव की स्थिति को देखते हुए लोग अपने जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों पर ले जा रहे हैं।
लगातार बारिश और बांधों से छोड़े जा रहे पानी के चलते प्रशासन द्वारा नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
नदी किनारे बने कई घर, निर्माण के समय जिम्मेदार विभागों की अनदेखी
सीतामढ़ी समेत हसदेव नदी के किनारे कई घर और अन्य निर्माण भी मौजूद हैं। नदी का जलस्तर बढ़ने पर इन घरों में रहने वाले परिवारों पर जलभराव का खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी के किनारे निर्माण के दौरान प्रशासन और नगर निगम की निगरानी व अनुमति व्यवस्था पर भी सवाल उठते हैं। यदि समय रहते नदी क्षेत्र में होने वाले ऐसे निर्माण पर रोक लगाई जाती और अतिक्रमण हटाया जाता, तो बारिश और बाढ़ की स्थिति में लोगों की परेशानी कम हो सकती थी।

