600 रुपये में होगी विटामिन डी, कैल्शियम और हीमोग्लोबिन की जांच, ब्लड शुगर जांच व आयुर्वेदिक परामर्श निःशुल्क
कोरबा (ट्रैक सिटी)। विश्व अस्थिसुषिरता दिवस के अवसर पर स्वस्थ भारत-समृद्ध भारत अभियान के अंतर्गत ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत 20 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कोरबा के निहारिका स्थित महानदी कॉम्प्लेक्स के पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय में विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा।
लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, आरोग्य भारती, भारत विकास परिषद, विश्व हिंदू परिषद एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में अस्थिसुषिरता (ऑस्टियोपोरोसिस) सहित विभिन्न अस्थिगत वात रोगों के लिए आयुर्वेद, पंचकर्म, एक्यूप्रेशर, योग एवं ग्रह चिकित्सा संबंधी परामर्श और उपचार की सुविधा मिलेगी।
शिविर में श्री शिव औषधालय के संस्थापक नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा, नाड़ीवैद्या डॉ. वागेश्वरी शर्मा और नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा अपनी सेवाएं देंगे। विटामिन डी, कैल्शियम एवं हीमोग्लोबिन की जांच, जिसकी कुल निर्धारित कीमत 1900 रुपये बताई गई है, श्री डायग्नॉस्टिक पैथो लैब द्वारा रियायती दर पर 600 रुपये में की जाएगी। वहीं, रक्त शर्करा की जांच निःशुल्क होगी। आयोजकों के अनुसार, शिविर में शुगर की औषधि, अस्थि पोषक क्वाथ और स्वास्थ्य पुस्तिका भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि विश्व अस्थिसुषिरता दिवस का उद्देश्य लोगों को हड्डियों के कमजोर होने की समस्या के प्रति जागरूक करना और बचाव के उपायों की जानकारी देना है। शिविर में रोगियों को योगाभ्यास, प्राणायाम, जीवनशैली, दिनचर्या, ऋतुचर्या और उचित आहार-विहार के संबंध में व्यक्तिगत परामर्श भी दिया जाएगा।
आयोजकों ने अंचलवासियों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। पंजीयन एवं जांच के लिए निर्धारित समय प्राप्त करने हेतु मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क किया जा सकता है।

