जांजगीर-चांपा(ट्रैक सिटी)। कलेक्टर जन्मेजय महोबेने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभागीय योजनाओं, लंबित प्रकरणों और शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, सड़क मरम्मत, स्कूल-आंगनबाड़ी भवनों, छात्रावासों, निर्माण कार्यों और सेवा सेतु ऐप को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण नहीं होना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक और संतोषजनक समाधान मिलना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायत के निराकरण के बाद संबंधित अधिकारी स्वयं हितग्राही से संपर्क कर फीडबैक लें। प्राप्त फीडबैक की नियमित समीक्षा करने और पॉजिटिव फीडबैक बढ़ाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने को भी कहा गया।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को समय-सीमा में शिकायतों का निराकरण करने के साथ ही समाधान की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिले की सड़कों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और सेतु विभाग के अधिकारियों से प्रगतिरत मरम्मत कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने खराब और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने तथा बारिश के कारण सड़क खराब होने की स्थिति में तत्काल रिपेयरिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को सड़कों का नियमित निरीक्षण करने और आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। परिवहन विभाग को सड़कों पर ट्रैक्टरों में नियम विरुद्ध केज व्हील के इस्तेमाल पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
स्कूल और आंगनबाड़ी भवनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जर्जर भवनों में किसी भी स्थिति में कक्षाओं या आंगनबाड़ी का संचालन नहीं किया जाए। विद्यार्थियों और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जर्जर भवनों का निरीक्षण कर आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के शौचालयों की नियमित साफ-सफाई कराने तथा स्वच्छता व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले के छात्रावासों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावासों में पर्याप्त रोशनी, इमरजेंसी लाइट और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा। छात्रावास अधीक्षकों को 24 घंटे परिसर में उपस्थित रहने तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। छात्रावास भवनों में सीपेज की समस्या वाले स्थानों की आवश्यक मरम्मत कराने को भी कहा गया।
कलेक्टर ने पारस पोर्टल पर विभागीय जानकारी और योजनाओं की प्रगति की नियमित एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति और आवश्यक फोटोग्राफ निर्माण पोर्टल पर निर्धारित समय-सीमा में अपलोड करने को कहा, ताकि कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सके।
उन्होंने सेवा सेतु ऐप के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए कहा कि ग्राम स्तर से लेकर नगरीय क्षेत्रों तक आम लोगों को सेवा सेतु के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसका लाभ उठा सकें।
बैठक में अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आरके तम्बोली, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
