कोरबा, ट्रैक सिटी न्यूज़। कोरबा जिला नगर निगम आयुक्त के हस्तक्षेप के बाद वार्ड क्रमांक 23 के लोग आश्वस्त हैं कि उन्हें इस बरसात कच्ची सड़क पर चलना नही पड़ेगा। वार्ड पार्षद अब्दुल रहमान के अथक प्रयास के स्वरूप शहर के रिहायशी क्षेत्र रविशंकर शुक्ल नगर में सड़क निर्माण कार्य शुरू हुआ था। लेकिन आरोप लगाया गया हैं की ठेका कंपनी इस कार्य में जमकर लापरवाही बरत रही थी। जिसके कारण लगभग 2 पखवाड़ा से निर्माण कार्य रुका हुआ था। कई बार शिकायत करने के बाद भी जब ठेका कंपनी के लोगों ने ध्यान नहीं दिया तब पार्षद ने पुनः इसकी जानकारी निगम आयुक्त को दी। निगमायुक्त जनहित के कार्य को देखते हुए तत्काल निर्माण स्थल पर पहुंचे। और ठेका कंपनी के अधिकारियों को जमकर लताड़ लगाते हुए उन्हें 20 जून तक हर हाल में कार्य पूर्ण करने को कहा।
वार्ड पार्षद के साथ ही वार्ड के लोगों ने सड़क निर्माण को लेकर वृहद स्तर पर आंदोलन किया था। तब कहीं जाकर इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ। फिलहाल निगमायुक्त के चेतावनी के बाद लोग पूर्ण रूप से आश्वस्त हैं कि उनकी सड़क संबंधी समस्या दूर हो जाएगी।

