रायपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच राज्य सरकार ने प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बारिश की स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए सभी कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि बारिश के कारण आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि सभी जिलों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और जहां भी किसी प्रकार की समस्या सामने आए, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बाढ़, जलभराव, सड़क बाधित होने सहित बारिश से उत्पन्न होने वाली अन्य परिस्थितियों को लेकर प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को मैदानी स्तर पर सक्रिय रहकर जरूरत के मुताबिक तत्काल राहत एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर आगे भी जारी रहने की संभावना है। ऐसे में जिला प्रशासन को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
Leave a Reply

