कोरबा

पदोन्नति में देरी पर शिक्षक संघ का आंदोलन का ऐलान

05 अक्टूबर से चरणबद्ध आंदोलन, 07 से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन की चेतावनी
कोरबा (ट्रैक सिटी)। स्कूल शिक्षा विभाग में लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ छत्तीसगढ़ ने आंदोलन की चेतावनी दी है। संघ ने कहा है कि यदि 04 अक्टूबर 2026 तक शिक्षकों के पदोन्नति आदेश जारी नहीं किए गए, तो प्रदेशभर के शिक्षक 05 अक्टूबर से चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे।
संघ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार स्कूल शिक्षा विभाग में मई 2026 से विभिन्न स्तरों पर पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसके लिए अलग-अलग समय-सीमा निर्धारित किए जाने के बावजूद अब तक प्रक्रिया पूरी नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि 15 मई 2026 को लोक शिक्षण संचालनालय, रायपुर द्वारा 30 जून तक पदोन्नति पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद 30 जून को समय-सीमा बढ़ाकर 15 अगस्त 2026 तक कर दी गई। वहीं 10 अगस्त को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभागीय संयुक्त संचालकों एवं जिला शिक्षा अधिकारियों को 30 अगस्त तक पदोन्नति अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे।
संघ का कहना है कि अंतिम समय-सीमा बीत जाने के बावजूद पदोन्नति प्रक्रिया लंबित है। संघ ने इसे लेकर शिक्षकों में आक्रोश और निराशा की बात कही है तथा शासन स्तर से प्रक्रिया को मौखिक रूप से लंबित रखने का आरोप लगाया है।
05 अक्टूबर से आंदोलन का कार्यक्रम
संघ द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार—
05 अक्टूबर: भिलाई से दुर्ग तक विशाल ‘पदोन्नति न्याय पदयात्रा’
06 अक्टूबर: शिक्षा मंत्री के निवास के बाहर सत्याग्रह
07 अक्टूबर से: अनिश्चितकालीन आमरण अनशन
संघ ने चेतावनी दी है कि आंदोलन के दौरान यदि विद्यालयों की शिक्षण व्यवस्था अथवा छात्रहित प्रभावित होता है, तो इसकी जिम्मेदारी शासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग की होगी।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button