कोरबा

सोशल मीडिया विवाद बना जहर सेवन की वजह, विवाहिता की हालत गंभीर।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम के कारण पारिवारिक कलह का एक और गंभीर मामला सामने आया है। पड़ोसी जिले रायगढ़ के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र की रहने वाली 23 वर्षीय चमेली विश्वास ने घरेलू विवाद से आहत होकर फसलों में कीट नियंत्रण के लिए उपयोग किए जाने वाले कीटनाशक 404 की कुछ मात्रा का सेवन कर लिया। इससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों द्वारा तत्काल उसे कोरबा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार चमेली विश्वास की शादी करीब सात वर्ष पहले सुमित विश्वास से हुई थी। दंपत्ति के दो छोटे बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों से पति-पत्नी के बीच पारिवारिक कारणों को लेकर लगातार विवाद चल रहा था। आए दिन वाद-विवाद और प्रताड़ना की बातें सामने आ रही थीं। इसी तनाव के चलते दशहरा के बाद चमेली अपने मायके चली गई थी। कुछ समय बाद समाज और परिजनों की मौजूदगी में पंचायत हुई, जिसमें पति की गारंटी पर उसे वापस ससुराल भेजने का निर्णय लिया गया।

कुछ दिन तक हालात सामान्य रहे, लेकिन इसी बीच इंस्टाग्राम को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि चमेली द्वारा चोरी-छिपे किसी अन्य व्यक्ति से चैट किए जाने को लेकर पति ने आपत्ति जताई और दोनों के बीच फिर से विवाद बढ़ गया। इसी बात से आहत होकर चमेली ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे लेकर कोरबा मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उसे भर्ती कराया गया।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार महिला के शरीर में जहर का प्रभाव कम करने के लिए जीवन रक्षक दवाएं दी जा रही हैं। अस्पताल से मेमो मिलने के बाद चौकी पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज करने का प्रयास किया है। साथ ही परिजनों से भी पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वहीं पीड़िता के पति सुमित विश्वास ने बताया कि दशहरा के समय हुए विवाद के दौरान उसने गुस्से में दो-चार थप्पड़ मारे थे, जिसके बाद मामला बढ़ गया। बाद में लोगों के हस्तक्षेप से समझौता हुआ और पुराने विवाद खत्म करने की बात कही गई। उसने बताया कि पत्नी द्वारा मोबाइल और इंस्टाग्राम के अत्यधिक उपयोग और किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत को लेकर फिर विवाद हुआ था। चमेली ने घर लौटने पर मोबाइल टूटने की बात कही थी, जिस पर दो-तीन दिन में नया मोबाइल दिलाने की बात कही गई। बाद में यह बात सामने आई कि मोबाइल टूटा नहीं था। इसी बीच विवाद के बाद पत्नी द्वारा कीटनाशक का सेवन कर लिया गया।

इधर पीड़िता की मां तरूलता विश्वास ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका दामाद लंबे समय से बेटी को प्रताड़ित करता आ रहा है। कई बार शिकायतें सामने आईं, लेकिन रिश्तों को बचाने के लिए समझौते किए गए। कुछ समय के लिए हालात सुधरे, लेकिन फिर वही स्थिति बन गई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब उन्हें इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि उनकी बेटी ससुराल में सुरक्षित रहेगी, इसलिए वे उसे वापस भेजने के पक्ष में नहीं हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पीड़िता के स्वस्थ होने के बाद उसके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button