रायपुर (ट्रैक सिटी) संजीव शुक्ला के निर्देशन में रायपुर पुलिस ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की वर्ष 2026 की 12वीं बोर्ड परीक्षा के हिन्दी प्रश्नपत्र लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला थाना सिटी कोतवाली थाना रायपुर में अपराध क्रमांक 130/2026 के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित 12वीं हिन्दी विषय का प्रश्नपत्र परीक्षा पूर्व व्हाट्सएप के माध्यम से प्रसारित होने की शिकायत पर 17 मार्च 2026 को छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2008 की धारा 4, 5, 10 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 और 316 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त मध्य जोन उमेश प्रसाद गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल तथा सहायक पुलिस आयुक्त दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने प्रदेश के विभिन्न शहरों एवं गांवों में जाकर छात्रों और अन्य व्यक्तियों से पूछताछ की। विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी वेणु कुमार जंघेल ने एक छात्र को व्हाट्सएप के माध्यम से हिन्दी प्रश्नपत्र की हस्तलिखित प्रति उपलब्ध कराई थी तथा इसके एवज में 3 हजार रुपये ऑनलाइन प्राप्त किए थे। बैंक खाते की जांच में भी इस लेन-देन की पुष्टि हुई।
आरोपी वेणु जंघेल के बयान के आधार पर पुलिस ने बेमेतरा जिले के ग्राम बोरतरा निवासी विकास सेन एवं हायर सेकंडरी स्कूल बोरतरा में पदस्थ पीटीआई जवाहर लाल कुर्रे से पूछताछ की। पूछताछ में खुलासा हुआ कि जवाहर लाल कुर्रे ने ही वेणु जंघेल और विकास सेन को हिन्दी प्रश्नपत्र की हस्तलिखित प्रति उपलब्ध कराई थी। आरोपी जवाहर लाल कुर्रे ने भी इस तथ्य को स्वीकार किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जवाहर कुर्रे को प्रश्नपत्र कहां से प्राप्त हुआ।
मामले में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में वेणु कुमार जंघेल (19 वर्ष), जवाहर लाल कुर्रे (40 वर्ष) एवं विकास सेन (22 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है तथा पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
Leave a Reply

