कोरबा

जिले में बांकीमोगरा नगर पालिका जल्द आयेगा अस्तित्व में – मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

कोरबा,ट्रैक सिटी न्यूज़। कोरबा जिलान्तर्गत बांकीमोगरा नगर पालिका शीघ्र अस्तित्व में आयेगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसे लेकर नगरीय प्रशासन विभाग को दिशा-निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने अफसरों को निर्देश देते हुए कहा है कि वो नगर पालिका के गठन की दिशा में तेजी से काम करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर पालिका बनने पर तेजी से विकास कार्य होंगे। नगर पालिका गठन से नागरिकों को शीघ्र सुविधाएं मिलेंगी।
कटघोरा विधायक पुरुषोत्तम कंवर ने मुख्यमंत्री से बांकी मोगरा को नगर पालिका के रूप में अस्तित्व में जल्द लाने की मांग की थी। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को निर्देश दिये हैं।
बांकी मोंगरा जोन के 8 वार्डों को जोड़कर नया नगर पालिका बनाने आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। अभी निगम में 67 वार्ड हैं। अगर बांकी मोंगरा को अलग किया जाएगा तो 59 वार्ड बच जाएंगे। इसका प्रस्ताव कटघोरा विधायक पुरुषोत्तम कंवर ने दिया था।
एमआईसी की मंजूरी के बाद साधारण सभा में रखा जाएगा। अगर यह प्रस्ताव पारित हो जाता है तो राज्य शासन को भेजा जाएगा। नगर निगम 215 वर्ग किलाेमीटर में फैला हुआ है। क्षेत्रफल की दृष्टि से प्रदेश का यह सबसे बड़ा निगम है। आबादी भी बढ़कर 4 लाख से अधिक हो गई है। 67 वार्डों को 8 जाेन में बांटा गया है। बांकी मोंगरा जोन के 8 वार्ड 60 से लेकर 67 तक कटघोरा विधानसभा में आता है। बाकी 59 वार्ड कोरबा विधानसभा में शामिल हैं। इसी वजह से विधायक ने बांकीमोंगरा जोन को नया नगर पालिका बनाने का प्रस्ताव दिया है। बांकी से नगर पालिका कार्यालय साकेत की दूरी 25 किलोमीटर है। इसकी वजह से लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए नया निकाय बनाने की जरूरत बताई गई है। अभी जिले में दो नगर पालिका कटघोरा व दीपका है। साथ ही छुरीकला व पाली नगर पंचायत है।

 

Editor in chief | Website |  + posts
Back to top button