कोरबा/बांकीमोंगरा(ट्रैक सिटी) छत्तीसगढ़ पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा और शिकायतों का समाधान करने के लिए ऐप बनाया है।इस ऐप का नाम अभिव्यक्ति है। इस ऐप में लोकेशन के हिसाब से SOS का बटन दबाते ही यूजर के पास तुरंत पुलिस सहायता पहुंचेगी। ऐप के माध्यम से महिलाएं कहीं से भी शिकायत पुलिस के पास दर्ज करा सकेंगी।

कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी उषा सोंधिया द्वारा महिलाओं को इस ऐप के बारे में जानकारी दी जा रही है। थाना प्रभारी द्वारा महिलाओं को बताया जा रहा है कि इस ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। बलात्कार, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, मारपीट, टोनही प्रताड़ना, दहेज प्रताड़ना, अपहरण, बाल विवाह, मानव तस्करी, एसिड अटैक, लैंगिक अपराध, साइबर अपराध शामिल किए गए हैं।
बांकीमोंगरा थाना प्रभारी उषा सोंधिया ने बताया कि महिलाओं के प्रति अपराधों से संबंधित कानूनों के प्रति जागरूक करने के लिए अभिव्यक्ति एप के बारे में जानकारी दी जा रही है महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की बात पर जोर दिया जा रहा हैं।
उषा सोंधिया ने महिलाओं को बताया कि अभिव्यक्ति ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करना होगा। उसके बाद अपना मोबाइल नंबर डालकर लॉगिंग आईडी क्रिएट कर अपने निकट संबंधी का मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। मोबाइल नंबर ऐसे होंगे, जिसे आप खतरे के समय सूचना देना चाहेंगे।
एसओएस पर क्लिक करते ही ऐप में फीड 2 मोबाइल नंबर व डायल ११२ को लोकेशन व मैसेज पहुंचेगा और तत्काल पुलिस सहायता मिलेगी। ऐप में एक पेज खुलेगा, जिसमें तीन प्रकार की सुविधाएं मिलेंगीं। इसमें एसओएस, कंप्लेन व स्टेटस शामिल है।
ऐसे काम करेगा ऐप
– आपातकालीन परिस्थितियों में एसओएस मेसेज का उपयोग करें।
-एसओएस पर क्लिक करते ही ऐप में पहले से फीड किए गए निकट संबंधि 2 मोबाइल नंबर एवं डायल 112 को लोकेशन सहित मैसेज भेजेगा।
– निकट संबंधी एवं डायल 112 को खतरे में होने की सूचना मिलेगी, पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचेगी।
-ऐप में कंप्लेन ऑप्शन में जाकर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
-स्टेटस ऑप्शन पर जाकर कंप्लेन की वर्तमान स्थिति जान सकते हैं।

गांव के कोटवार करे पुलिस की पूरी मदद
बांकीमोंगरा थाना प्रभारी द्वारा लगातार क्षेत्र में दौरा किया जा रहा है। एक तरफ जहां महिलाओं और बालिकाओं को अभिव्यक्ति ऐप के बारे में जानकारी दी जा रही है वहीं गांव के कोटवारों से भी मिलकर उन्हें संमंस तामिली में पुलिस की मदद करने के लिए कहा जा रहा है । गांव में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के बारे में जानकारी मिलने पर तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को देने की बात भी कोटवारों को कही गई है।

