कोरबा,17 अक्टूबर (ट्रैक सिटी) कोरबा जिले के सिविल लाईन थानांतर्गत पुराना काशीनगर में उस वक्त सनसनी फैल गई जब क्षेत्र के तालाब में डूबने से एक कुशल तैराक युवक की मृत्यु हो गई। यह घटना क्षेत्र में जंगल में लगी आग की तरह फैल गई और घटना स्थल पर लोगों को हुजूम उमड़ पड़ा। मृतक का नाम रामरतन यादव बताया जा रहा है ,जो एक कुशल तैराक है और बाढ़ आपदा में कई बार प्रशासन को अपनी सेवाएं दे चुका है। बताया जा रहा है, कि बीती रात वह अपने साथियों के साथ तालाब के पास बैठा हुआ था इसी दौरान वह पानी में तैरने के लिए उतरा लेकिन वापस नहीं लौटा। रात के वक्त रामरतन को तलाशने की काफी कोशिश की गई लेकिन सफलता नहीं मिली। सुबह होते ही दमकल विभाग का रेस्क्यु दल मौके पर पहुंचा और बोट में रामरतन की तलाश शुरु की गई। घंटो मशक्कत के बाद उसकी लाश को बाहर निकाला जा सका।
कुशल तैराक होने के बाद भी जिस तरह से युवक अपनी जान नहीं बचा सका उससे कई करह के सवाल लोगो के मन में उठ रहे हैं। लोगो द्वारा युवक की मौत के लिये तालाब में मौजूद जलकुंभी को जिम्मेदार माना जा रहा है। लोगों का कहना है, कि जलकुंभी में फंसने के कारण ही उसकी मृत्यु हुई है। नहीं तो बाढ़ जैसे हालत में कई लोगों की जिंदगी बचाने वाला युवक की शांत पानी में डूबने से मृत्यु कैसे हो सकती है।

