मुंगेली

चेकपोस्ट से गुजरने वाले वाहनों की करें सघन जांच – कलेक्टर

कलेक्टर एवं एसपी ने बोधापारा चेकपोस्ट का किया निरीक्षण

 

मुंगेली,28 अक्टूबर (ट्रैक सिटी) कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल देव ने पुलिस अधीक्षक चन्द्रमोहन सिंह के साथ विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-27 मुंगेलीअंतर्गत ग्राम बोधापारा में बनाए गए नवीन चेकपोस्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारी मात्रा में लाए जाने वाले नगदी, अवैध शराब, कोई संदेहास्पद वस्तु या शस्त्रों इत्यादि की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखें तथा वहां से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच करें। शिकायत मिलने पर निष्पक्षता के साथ कार्रवाई करें।
बता दें कि विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-27 मुंगेली अंतर्गत पण्डरभट्ठा, बीजातराई, बरेला, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक-26 लोरमी अंतर्गत पेण्ड्रीतालाब, राम्हेपुर, खुड़िया और विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-29 बिल्हा अंतर्गत पड़ियाईन और सल्फा सहित कुल 08 चेकपोस्ट बनाए गए थे। कलेक्टर एंव जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार बोधापारा और टेमरी में दो और नवीन चेक पोस्ट बनाएं गए है। इसे मिलाकर अब चेकपोस्टों की संख्या 10 हो गई है। सभी चेकपोस्टों में स्थैतिक निगरानी दलों की ड्यूटी लगाई गई है। संदेहास्पद वस्तुओं पाए जाने पर वीडियोग्राफी कराते हुए नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने एसपी के साथ बोधापारा के समीप ग्राम कंतेली में देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मदिरा की बिक्री शासन द्वारा निर्धारित दर एवं मात्रा में करने, सीसीटीवी का सुचारू संचालन करने और व्यवस्थित रिकार्ड मेंटेन करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर -एसपी ने युवाओं के साथ किया संवाद, मतदान के लिए किया प्रेरित

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल देव और पुलिस अधीक्षक चन्द्रमोहन सिंह ने ग्राम बोधापारा में चेकपोस्ट के पास उपस्थित युवाओं से भी संवाद किया और बिना किसी प्रलोभन के निर्भीक होकर मतदान करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने युवाओं को मतदान के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने और राष्ट्र के निर्माण में मतदान महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने युवाओं से कहा कि लोकतंत्र का आधार आप हैं, इसलिए स्वविवेक का उपयोग करके मतदान जरूर करें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मजबूत, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष सरकार बनाने के लिए हमें अपने मतों का सही उपयोग करना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से कहा मतदान दिवस को सभी अपने मत को प्रयोग जरूर करें। उन्होने मतदान के लिए प्रलोभन देने वालों पर नियमानुसार कार्यवाही की भी बात कही। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

Editor in chief | Website |  + posts
Back to top button