कोरबा

झाड़ियों में मिली 28 वर्षीय युवक की लाश,सड़क दुर्घटना की जताई जा रही आशंका।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ दर्री क्षेत्र के सीएसईबी सिपट रोड पर रविवार शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मुकेश कंवर के रूप में हुई है, जो सीएसईबी कॉलोनी का निवासी बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुकेश अपनी ओला स्कूटी से कहीं जा रहा था। शाम लगभग 7 से 8 बजे के बीच सड़क किनारे झाड़ियों में स्कूटी गिरी हुई मिली, जबकि युवक कुछ दूरी पर झाड़ियों में उलझा हुआ पाया गया। राहगीरों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उसे बाहर निकाला और उपचार के लिए एनटीपीसी हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। शव को रातभर अस्पताल की मर्च्युरी में सुरक्षित रखा गया। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए शव को कटघोरा हॉस्पिटल भेजा गया, जहां विधिवत प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच का विषय है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर, युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button