कोरबा

नेशनल हाईवे-130 पर हिट एंड रन का कहर- बांगो थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ बांगो थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।मिली जानकारी के अनुसार मृतक नोहर साय सारथी (पिता – चैन साय) निवासी शंकरडुगू मोहल्ला, पोंड़ी उपरोड़ा, रोजी-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। वह मुख्य सड़क किनारे अंडा दुकान संचालित करता था और परिवार की जिम्मेदारी उसके कंधों पर थी। परिजनों के अनुसार 1 मार्च 2026 की रात लगभग 8 बजे दुकान बंद कर नोहर साय अपनी मोटरसाइकिल बजाज डिस्कवर क्रमांक CG 12 AX 1854 से कोनकोना गया था। रात करीब 10 बजे जब वह नेशनल हाईवे-130 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, पोंड़ी उपरोड़ा के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे अज्ञात वाहन के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में नोहर साय के सिर और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 की मदद से उसे पोंड़ी उपरोड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। रात अधिक होने के कारण परिजन तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके। 2 मार्च 2026 को परिजनों ने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है तथा फरार अज्ञात वाहन चालक की तलाश जारी है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button