कोरबा/पाली

कोरबा के पाली स्वास्थ्य केंद्र में शराबियों का हंगामा, डॉक्टर-नर्स से बदसलूकी।

कोरबा।पाली (ट्रैक सिटी)/ छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में शुक्रवार को जमकर हंगामा देखने को मिला। अस्पताल परिसर में पहुंचे तीन शराबी युवकों ने उत्पात मचाते हुए ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के साथ बदसलूकी की। आरोप है कि युवकों ने स्वास्थ्यकर्मियों को धमकी भी दी, जिससे अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार पाली स्वास्थ्य केंद्र में उस समय मरीजों का इलाज चल रहा था, तभी तीन युवक शराब के नशे में अस्पताल पहुंचे और वहां हंगामा शुरू कर दिया। युवकों की हरकतों से अस्पताल में मौजूद मरीज और उनके परिजन सहम गए। अस्पताल स्टाफ ने समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी युवक अभद्रता करते रहे।

बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी युवक ग्राम नुनेरा और बनबाँधा के निवासी हैं। अस्पताल परिसर में उन्होंने डॉक्टरों और नर्सों के साथ विवाद करते हुए बदसलूकी की और माहौल बिगाड़ दिया। घटना के दौरान अस्पताल में मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

हंगामे के बाद अस्पताल में कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बन गई। मरीजों और उनके परिजनों में दहशत का माहौल रहा। वहीं घटना से नाराज स्वास्थ्यकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर इस तरह की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं।

घटना के बाद पीड़ित डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ पाली थाना पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

इस घटना के बाद स्वास्थ्यकर्मियों में भारी नाराजगी है। कर्मचारियों ने अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है ताकि ड्यूटी के दौरान डॉक्टरों और नर्सों को सुरक्षित माहौल मिल सके। वहीं स्थानीय लोगों ने भी अस्पताल परिसर में सुरक्षा बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button