कोरबा (ट्रैक सिटी) शहर के निहारिका स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो की खबर को ट्रैक सिटी न्यूज़ ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर सामने आने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार को प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान वायरल वीडियो में दिखाई गई स्थिति की सत्यता पाए जाने पर विभाग ने फर्म को हाइजीन व्यवस्था दुरुस्त करने और आवश्यक सुधार कार्य करने के लिए नोटिस जारी किया है। साथ ही, व्यवस्था में सुधार होने तक प्रतिष्ठान में क्रय-विक्रय बंद रखने तथा खाद्य लाइसेंस को सस्पेंड रखने की कार्रवाई की गई है।
वहीं, दर्री रोड स्थित प्रेम जनरल स्टोर के संबंध में प्राप्त शिकायत के आधार पर विभागीय टीम ने दुकान का निरीक्षण कर चायपत्ती का नमूना जांच के लिए लिया है। नमूने की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ट्रैक सिटी न्यूज़ द्वारा जनस्वास्थ्य और खाद्य स्वच्छता से जुड़े मामले को प्रमुखता से सामने लाए जाने के बाद हुई विभागीय कार्रवाई से एक बार फिर खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और निर्धारित मानकों के पालन का मुद्दा चर्चा में आ गया है।

