रायपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। आगामी बीरगांव नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के मद्देनजर रायपुर पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पुलिस के उत्तर जोन द्वारा क्षेत्र के गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को थाने बुलाकर सख्त समझाइश दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने या किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधियों में शामिल होने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दिनांक 22 नवंबर 2026 को पुलिस उपायुक्त (उत्तर जोन) श्रीमती दीपमाला कश्यप के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। इसके तहत उत्तर जोन के एडीसीपी आदित्य पांडे, एसीपी पूर्णिमा लामा, एसीपी कृष्ण कुमार चंद्राकर तथा संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व में थाना उरला, खमतराई, गुढ़ियारी, पंडरी एवं खम्हारडीह क्षेत्र के गुंडा और निगरानी बदमाशों को संबंधित थानों में तलब किया गया।
इस दौरान कुल 39 गुंडा बदमाश और 17 निगरानी बदमाशों सहित 56 लोगों को समझाइश दी गई। पुलिस अधिकारियों ने सभी को क्षेत्र में शांति बनाए रखने, कानून का पालन करने और किसी भी तरह की आपराधिक एवं अवैधानिक गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी।
थाना वार कार्रवाई का विवरण
* थाना उरला – 06 गुंडा बदमाश एवं 04 निगरानी बदमाश।
* थाना खमतराई – 12 गुंडा बदमाश एवं 05 निगरानी बदमाश।
* थाना गुढ़ियारी – 08 गुंडा बदमाश एवं 02 निगरानी बदमाश।
* थाना खम्हारडीह – 07 गुंडा बदमाश एवं 05 निगरानी बदमाश।
* थाना पंडरी – 06 गुंडा बदमाश एवं 01 निगरानी बदमाश।
पुलिस की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य आगामी बीरगांव नगर निगम चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, विवाद अथवा अवांछित गतिविधियों पर रोक लगाना है। चुनावी माहौल में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने और आम नागरिकों के बीच सुरक्षा का वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने, मतदाताओं को प्रभावित करने, डराने-धमकाने या किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस पहल को आगामी नगर निगम चुनाव से पहले सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

