कोरबा/रायगढ़

ऑपरेशन अंकुश: रायगढ़-कोरबा बॉर्डर पर जुए के 5 फड़ों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 33 जुआरी गिरफ्तार, 7 कारें और ₹90 लाख की संपत्ति जब्त।

कोरबा/रायगढ़(ट्रैक सिटी)। रायगढ़ पुलिस ने जिले में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत अवैध जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रायगढ़-कोरबा सीमा पर स्थित ग्राम धसकामुड़ा में जुए के पांच फड़ों पर एक साथ दबिश दी। इस कार्रवाई में पुलिस ने 33 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मौके से करीब ₹57,140 नकद, 7 चारपहिया वाहन, 5 गैस लाइट समेत लगभग ₹90 लाख मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत छाल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायगढ़-कोरबा बॉर्डर स्थित धसकामुड़ा गांव के मेला स्थल के बाहर बड़े पैमाने पर जुए का संचालन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर कार्रवाई की।

पुलिस की दबिश के दौरान मौके से एक इनोवा, दो बोलेरो, दो अर्टिगा, एक KIA कार और एक ऑल्टो कार जब्त की गई। इसके अलावा जुए के फड़ से ₹57,140 नकद और पांच गैस लाइट भी बरामद की गईं। जब्त वाहनों और अन्य सामान की कुल कीमत लगभग ₹90 लाख आंकी गई है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी घरघोड़ा, तमनार, डभरा और जैजैपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। सभी आरोपी धसकामुड़ा बस्ती के बाहरी इलाके में एकत्र होकर बड़े स्तर पर जुआ खेल रहे थे। छाल पुलिस ने गिरफ्तार सभी 33 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत अलग-अलग पांच प्रकरण दर्ज किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान सहित थाना छाल के पुलिस अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत अवैध जुआ, सट्टा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button