रायपुर

रेलवे स्टेशन पर 500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त, जांच के लिए भेजा गया सैंपल।

रायपुर(ट्रैक सिटी)। राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन स्थित पार्सल परिसर में बुधवार को करीब 500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया गया। पनीर की गुणवत्ता और उसकी शुद्धता को लेकर संदेह होने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (फूड विभाग) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, जब्त किए गए पनीर को रेलवे पार्सल परिसर में रखा गया है। पनीर के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए भेजा गया। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पनीर असली है या नकली तथा मानव उपभोग के लिए सुरक्षित है या नहीं। बताया जा रहा कि अमरकंटक एक्सप्रेस से यह संदिग्ध पनीर आया है। पनीर का मालिक कौन है इसकी जानकारी अभी नहीं मिली है।

फिलहाल खाद्य विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। यदि जांच में पनीर खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होगा।

बता दें कि छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश में एनालॉग पनीर के कारोबार पर बैन लगा दिया है। पिछले एक साल में रायपुर में मिलावटी और एनालॉग पनीर के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाई हुई है। जुलाई 2025 में बिरगांव की काशी एग्रो फूड्स फैक्ट्री से करीब 2,500 किलो संदिग्ध/एनालॉग पनीर जब्त कर फैक्ट्री सील की गई थी। हाल ही में खाद्य विभाग ने रायपुर की एक और पनीर फैक्ट्री पर छापा मारकर करीब 1,700 किलो पनीर के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। यानी पिछले एक साल में रायपुर में करीब 4,200 किलो संदिग्ध पनीर पर कार्रवाई हो चुकी है। लगातार कार्रवाई और जांच में सामने आए मामलों के बाद अब राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button