रायपुर

10 अगस्त से तिरंगा यात्रा, 15 अगस्त को बस्तर के दुर्गम गांवों में पहली बार फहरेगा तिरंगा

रायपुर/ट्रैक सिटी। छत्तीसगढ़ में भाजपा के ‘हर घर तिरंगा’ और ‘तिरंगा यात्रा’ अभियान का शुभारंभ 10 अगस्त से होगा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रायपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि अभियान का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना, स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना और युवाओं को संविधान व राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को सुबह 10 बजे रायपुर के मरीन ड्राइव से तिरंगा यात्रा की शुरुआत होगी, जिसमें मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स, पूर्व सैनिक, खिलाड़ी तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। साथ ही नागरिकों से अपने घरों, दुकानों और संस्थानों पर तिरंगा फहराने तथा सोशल मीडिया पर “डिजिटल तिरंगा” अभियान से जुड़ने की अपील की गई।
पत्रकार वार्ता में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि इस वर्ष 15 अगस्त को बस्तर के कई ऐसे दुर्गम और नक्सल प्रभावित गांवों में पहली बार तिरंगा फहराया जाएगा, जहां आजादी के बाद कभी राष्ट्रीय ध्वज नहीं लहराया गया। उन्होंने बताया कि बीजापुर के 33, सुकमा के 50 और नारायणपुर के 9 गांव इस ऐतिहासिक अभियान का हिस्सा बनेंगे। बस्तर के संवेदनशील क्षेत्रों में बाइक रैलियां निकाली जाएंगी तथा शहीद जवानों और नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों का सम्मान भी किया जाएगा। इसके साथ ही बस्तर संभाग में 500 से अधिक सार्वजनिक स्थलों का नामकरण अमर शहीदों के नाम पर किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बस्तर के कभी ‘कुख्यात’ रहे क्षेत्रों को विकास और राष्ट्रीय एकता के माध्यम से ‘विख्यात’ बनाना है तथा इस बार स्वतंत्रता दिवस पर पूरे बस्तर में तिरंगा शान से लहराएगा।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button