कोरबा (ट्रैक सिटी)। सावन के पवित्र माह के सोमवार को पुरानी बस्ती स्थित शिव चौक शिव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर में भगवान भोलेनाथ का विधिवत पूजन किया गया और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

पूजा-अर्चना के साथ महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया। कीर्तन में महिलाओं ने शिव भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कीर्तन में सहभागिता की और भगवान शिव की आराधना की।
धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की विशेष उपस्थिति रही। पूजा के बाद भगवान शिव की आरती की गई, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हिस्सा लिया।
आरती पश्चात नगर पालिका निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर की ओर से श्रद्धालुओं के लिए खिचड़ी प्रसाद का वितरण कराया गया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सावन सोमवार के इस आयोजन से पुरानी बस्ती का शिव चौक क्षेत्र देर तक भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

