कोरबा(ट्रैक सिटी) । कोरबा-कुसमुंडा फोरलेन पर 8 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में घायल मिले विकास नगर निवासी की रायपुर में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों और मित्रो ने हत्या की आशंका जताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। न्याय की मांग को लेकर वे कुसमुंडा थाने पहुंचे।जानकारी के अनुसार 8 जुलाई की सुबह मृतक सविंदर सिंह कुसमुंडा फोरलेन पर डंपर पुल के पास सड़क किनारे गंभीर हालत में मिला था। उसके शरीर पर काफी खून लगा हुआ था और पास में उसकी बाइक भी गिरी हुई थी।
कुसमुंडा व्यापारी संघ के अध्यक्ष अशोक राठौर ने उन्हें देखा। उन्होंने राहगीरों की मदद से एक स्कॉर्पियो रुकवाई और घायल को इलाज के लिए विकास नगर के एक निजी चिकित्सालय पहुंचाया। चेहरे पर चोट के चलते नहीं हो सकी पहचान पहले चेहरे पर गंभीर चोट और खून लगे होने के कारण युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में उसकी शिनाख्त विकास नगर निवासी सविंदर सिंह के रूप में की गयी। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सको ने उन्हें कोरबा जिला चिकित्सालय रेफर किया। वहां भी सुधार न होने पर परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें रायपुर ले गए। लगभग एक महीने तक चले इलाज के बाद उसने दम तोड़ दिया।
उसकी मृत्यु की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन, मित्र और बस्ती के लोग कुसमुंडा थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मारपीट के बाद फोरलेन किनारे फेंकने का लगाया आरोप परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसके साथ मारपीट की गई थी। आरोपियों ने उन्हें मरा हुआ समझकर फोरलेन के किनारे फेंक दिया और फरार हो गए। परिजनों का कहना है कि यदि समय पर सही इलाज मिलता तो उनकी जान बच सकती थी। कुसमुंडा थाना पुलिस ने परिजनों को मामले की गंभीरता से जांच का आश्वासन दिया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

