कोरबा

एकलव्य विद्यालय के छात्रों का चक्काजाम, तीन घंटे से यातायात प्रभावित

कोरबा (ट्रैक सिटी)। कोरबा जिले के ग्राम छुरी स्थित एकलव्य विद्यालय के छात्र एक बार फिर अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर सड़क पर उतर आए। बड़ी संख्या में विद्यालयीन छात्रों ने विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए कटघोरा-कोरबा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम के कारण करीब तीन घंटे से मार्ग पर आवाजाही प्रभावित है और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है।
बताया जा रहा है कि छात्रों का यह तीसरा विरोध प्रदर्शन है। इससे पहले भी छात्र अपनी विभिन्न शिकायतों को लेकर आंदोलन कर चुके हैं। पहली बार छात्रों ने कटघोरा विधायक और सहायक आयुक्त का घेराव कर अपनी समस्याएं रखी थीं।
इसके बाद दूसरी बार छात्रों ने इसी स्थान पर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। उस दौरान कटघोरा एसडीएम, तहसीलदार और सहायक आयुक्त ने छात्रों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया था। हालांकि, छात्रों का आरोप है कि आश्वासन के बावजूद उनकी समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हुआ।
समस्याओं का समाधान नहीं होने से नाराज छात्रों ने तीसरी बार सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। छात्रों के सड़क पर बैठने से कटघोरा से कोरबा जाने वाले मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं का ठोस समाधान नहीं किया जाता, तब तक वे अपना विरोध जारी रखेंगे। वहीं, स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा छात्रों से बातचीत कर चक्काजाम समाप्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button