कोरबा

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण

निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर पूर्ण करने के निर्देश, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की हिदायत

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा षिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज कोरबा के भुलसीडीह में निर्माणाधीन स्व. बिसाहूदास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर का विस्तृत अवलोकन करते हुए निर्माण कार्य की प्रगति, कार्ययोजना और प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी ली।

इस दौरान लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव अमित कटारिया, राष्ट्रीय स्वास्थय मिशन के प्रबंध निदेशक संजीव झा, कलेक्टर कुणाल दुदावत, मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के डीन डॉ के के सहारे,डॉ यू एस पैकरा, डॉ गोपाल कँवर, सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर परिसर के मास्टर प्लान एवं निर्माण कार्य के वर्क प्लान का अवलोकन किया। अधिकारियों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज परिसर में विकसित की जा रही विभिन्न सुविधाओं तथा निर्माण की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान मंत्री जायसवाल ने मेडिकल कॉलेज परिसर में प्रस्तावित गर्ल्स एवं बॉयज हॉस्टल, पार्किंग, डायनिंग एरिया, इनडोर स्टेडियम, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य के फेज-01 एवं फेज-02 की प्रगति की पृथक-पृथक जानकारी लेते हुए प्रत्येक चरण के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थय अधोसंरचना का निर्माण समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को शीघ्र उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा निर्माण में निर्धारित मापदंडों और तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंत्री जायसवाल ने प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज के निर्माण की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से नर्सिंग कॉलेज के कार्य की वर्तमान स्थिति एवं आगामी कार्ययोजना के संबंध में जानकारी लेते हुए निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।

स्वास्थय मंत्री ने मेडिकल कॉलेज परिसर को हरित एवं आकर्षक स्वरूप देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कलेक्टर को परिसर में वृहद स्तर पर पौधरोपण की कार्ययोजना तैयार करने तथा पर्याप्त संख्या में छायादार एवं पर्यावरण अनुकूल पौधे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज परिसर में बेहतर हरित क्षेत्र विकसित होने से विद्यार्थियों, मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल के स्टाफ को स्वच्छ एवं सुखद वातावरण उपलब्ध होगा।

निरीक्षण के दौरान मंत्री जायसवाल ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और प्रगति में आने वाली बाधाओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button