कोरबा (ट्रैक सिटी)। स्वतंत्रता दिवस की अलसुबह करीब 4 बजे इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) के गेट के सामने हथियारबंद बदमाशों ने गैस सिलेंडर परिवहन कर रहे ट्रक को रोककर सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दिया। स्कॉर्पियो वाहन में सवार 4-5 नकाबपोश बदमाशों ने चालक की कनपटी पर कथित तौर पर बंदूक तानकर जान से मारने की धमकी दी और ट्रक से सात भरे हुए गैस सिलेंडर लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, IOC से गैस सिलेंडर लेकर ट्रक क्रमांक 5764 बिरला की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने ट्रक को रोक लिया। सभी बदमाशों ने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे। चालक के मुताबिक, एक बदमाश ने उसकी कनपटी पर बंदूक तान दी, जबकि शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी गई। चालक ने बताया कि बदमाशों के पास बंदूक के अलावा तलवार भी थी।
डर के कारण चालक चुप रहा। इसके बाद बदमाशों ने ट्रक से सात भरे हुए गैस सिलेंडर निकाले और स्कॉर्पियो में लोड कर मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद चालक ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दर्री पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही चालक से पूछताछ कर बदमाशों और वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तड़के व्यस्त क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों द्वारा लूट की वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Leave a Reply
