रायपुर

सीतामढ़ी से पकड़ा गया 25 मामलों का आरोपी, पिस्टल-कारतूस सहित गिरफ्तार

भाटापारा/कोरबा(ट्रैक सिटी)। भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने लूट के एक मामले में फरार चल रहे अंतरराज्यीय गिरोह के शातिर और हथियारबंद आरोपी कौशलेश त्रिपाठी को कोरबा के सीतामढ़ी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन, ₹61,950 नगद और पैन कार्ड बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 16 जुलाई 2026 को ग्राम रोहरा निवासी एवं दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी तरेंगा से रोहरा जा रहे थे। रोहरा हाई स्कूल के पास दो मोटरसाइकिलों में सवार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेरकर हमला किया और मोबाइल व एक्टिवा की चाबी छीनकर बैग में रखे करीब 13 किलो चांदी और 70 ग्राम सोना, जिसकी कीमत लगभग ₹12 लाख थी, लूट लिया था।
मामले में भाटापारा ग्रामीण थाना में अपराध क्रमांक 404/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने पहले ही गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि कौशलेश त्रिपाठी फरार चल रहा था।
पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और सटीक सूचना तंत्र के माध्यम से आरोपी के ठिकाने का पता लगाया और सीतामढ़ी, कोरबा में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कौशलेश त्रिपाठी, निवासी प्रयागराज उत्तर प्रदेश, वर्तमान में गुजरात के जामनगर में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा, लूट, डकैती और चोरी सहित 25 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी अपराध के दौरान घातक हथियारों का इस्तेमाल करने से भी नहीं चूकता था।
इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button