रायपुर

नाबालिग से दुष्कर्म मामले में पिता समेत 6 गिरफ्तार

रायपुर/कोरबा(ट्रैक सिटी)। न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने नाबालिग से लगातार दुष्कर्म, जबरन गर्भपात कराने, फर्जी दस्तावेजों के जरिए अस्पताल में प्रसव कराने और नवजात बच्चे को अन्य व्यक्ति को सौंपने के आरोप में पीड़िता के पिता समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 17 अगस्त 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक वर्ष 2023 में उसके पिता ने अमलीडीह स्थित एक रिश्तेदार के घर में जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद भी आरोपी पिता द्वारा लगातार उसका यौन शोषण किए जाने का आरोप है। पीड़िता के गर्भवती होने पर उसके पिता और बुआ द्वारा कथित तौर पर गर्भपात की दवा खिलाई गई, जिससे उसका गर्भपात हो गया।
पुलिस के मुताबिक, कुछ समय बाद दोबारा दुष्कर्म के कारण पीड़िता वर्ष 2025 में फिर गर्भवती हो गई। इसके बाद उसे वर्षा मंडल के घर ले जाया गया, जहां से वह गीता राय के घर पहुंची। आरोप है कि पीड़िता की वास्तविक उम्र छिपाकर उसकी उम्र अधिक दर्शाई गई तथा उसे विवाहित बताकर वासुदेव हॉस्पिटल, डंगनिया में भर्ती कराया गया। अस्पताल में ऑपरेशन के माध्यम से उसने एक पुत्र को जन्म दिया।
आरोप है कि प्रसव के बाद नवजात बच्चे को डॉक्टर, पीड़िता के पिता और अन्य संबंधित व्यक्तियों द्वारा किसी अन्य व्यक्ति को सौंप दिया गया। पीड़िता से कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी कराए गए। प्रसव के बाद उसे करीब 15 दिनों तक गीता राय के घर रखा गया, जिसके बाद उसका पिता उसे वापस घर ले गया।
पीड़िता की शिकायत पर न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 289/2026 दर्ज कर बीएनएस, पॉक्सो एक्ट और जे.जे. एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता के पिता और बुआ के अलावा रोहित कुमार राय, साहेब मंडल, योगिता राय उर्फ गीता राय तथा बरखा वर्मा उर्फ वर्षा मंडल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button