रायपुर

राखी से पहले बहनों को सरकार की सौगात, महतारी वंदन की 31वीं किश्त जारी

रायपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। महतारी वंदन योजना के तहत सितंबर 2026 की 31वीं किश्त की राशि प्रदेश की पात्र महिलाओं के खातों में अंतरित कर दी गई है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती शताब्दी पाण्डे ने बताया कि राखी त्योहार को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने बहनों को त्योहार से पहले यह आर्थिक सौगात दी है।
श्रीमती पाण्डे के अनुसार, 25 अगस्त को जिला बालोद में आयोजित महतारी वंदन सम्मान समारोह के दौरान 31वीं किश्त का भुगतान किया गया। ई-केवायसी पूर्ण करा चुकीं कुल 67,28,918 हितग्राहियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये की राशि अंतरित की गई।
इसमें नियद नेल्लानार क्षेत्र की 6,897 हितग्राही महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्हें योजना की 11वीं किश्त का भुगतान किया गया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि योजना के तहत अब तक बहनों को कुल 20,076 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
श्रीमती पाण्डे ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग तक महतारी वंदन योजना का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके सामाजिक सशक्तीकरण की दिशा में लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि 1 मार्च 2024 से लागू महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। योजना का भुगतान सीधे डीबीटी के जरिए हितग्राहियों के बैंक खातों में किया जाता है। उनके अनुसार, योजना महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन के साथ-साथ कुपोषण एवं एनीमिया की रोकथाम सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी सहायक साबित हो रही है।
31वीं किश्त जारी होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्रीमती पाण्डे ने इसे नारी सशक्तीकरण की दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जो वादा करती है, उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button