कोरबा(ट्रैक सिटी)। कोरबा के Employees’ State Insurance Corporation (ESIC) Hospital में पदस्थ 30 वर्षीय डॉक्टर डॉ. एल्विन वे ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। शनिवार, 29 अगस्त की शाम उनका शव अस्पताल परिसर स्थित कर्मचारी आवास के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को प्रारंभिक जांच में उनके हाथ पर चोट के निशान मिले हैं। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस के अनुसार डॉ. एल्विन की शनिवार सुबह 9 बजे अस्पताल में ओपीडी ड्यूटी थी, लेकिन वे ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। अस्पताल के कर्मचारियों ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शाम करीब 4 बजे तक संपर्क नहीं होने पर कर्मचारी उनके आवास पहुंचे। काफी देर तक अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर खिड़की का कांच तोड़कर दरवाजा खोला गया। इसके बाद बाथरूम में डॉ. एल्विन का शव मिला।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि डॉक्टर के हाथ पर चोट के निशान थे। पुलिस को आशंका है कि उन्होंने पहले खुद को चोट पहुंचाने का प्रयास किया और बाद में फंदा लगाकर आत्महत्या की। इस संबंध में पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस की शुरुआती जांच में डॉ. एल्विन के निजी जीवन से जुड़ा एक मामला भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि उनका कोयंबटूर की एक युवती से करीब दो वर्षों से संबंध था और दोनों विवाह करने वाले थे। डॉ. एल्विन 11 अगस्त को कोयंबटूर गए थे, जहां उन्होंने युवती की मां और भाई से मुलाकात की थी। अगले दिन 12 अगस्त को पालक्काड स्थित एक चर्च में विवाह के लिए आवेदन किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और बाद में उनका रिश्ता टूट गया। इसके बाद कोरबा लौटने पर डॉ. एल्विन के गुमसुम रहने की बात सामने आई है। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।
डॉ. एल्विन मूल रूप से केरल के पालक्काड के रहने वाले थे। उन्होंने तमिलनाडु के कोयंबटूर से एमबीबीएस की पढ़ाई की थी। करीब एक वर्ष पहले उनकी पदस्थापना कोरबा के Employees’ State Insurance Corporation Hospital में हुई थी। अस्पताल परिसर में ही उन्हें कर्मचारी आवास मिला था, जहां वे अकेले रहते थे।
घटना से करीब तीन दिन पहले डॉ. एल्विन ने अपने माता-पिता को फोन कर तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी और उन्हें कोरबा बुलाया था। शनिवार को जब उनके माता-पिता कोरबा पहुंचे, तब उन्हें बेटे की मौत की जानकारी मिली।
कोरबा के सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग से जुड़ी जानकारी सामने आई है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

