कोरबा (ट्रैक सिटी)/ बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैना में डांट-फटकार से नाराज एक युवक ने अपनी ही मौसी पर लाठी-डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार तीरथ राम शाम के समय कहीं घूमकर अपने घर लौटा था। देर से घर आने और बेवजह घूमने की बात को लेकर उसकी मौसी ने उसे फटकार लगाई। बताया जा रहा है कि मौसी की डांट युवक को इतनी नागवार गुजरी कि उसने घर में रखे डंडे से उसके सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।
हमले में मौसी के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर घर में ही गिर पड़ी। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी आसपास के लोगों को होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा थाना पुलिस गांव पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वहीं, आरोपी तीरथ राम को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए घटना के पीछे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

