बिलासपुर/कोरबा(ट्रैक सिटी)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने Live Train Monitoring System का शुभारंभ किया। इसे भारतीय रेल में अपनी तरह की पहली पहल बताया जा रहा है। इस आधुनिक प्रणाली के माध्यम से ट्रेनों की आवाजाही और सिग्नलिंग व्यवस्था की रियल-टाइम निगरानी की जा सकेगी।
इस सिस्टम में अल्ट्रा-नैरो-बेज़ल वीडियो वॉल का उपयोग किया गया है। इसके जरिए कंट्रोल स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में चल रही ट्रेनों की स्थिति, उनके संचालन और सिग्नलिंग से संबंधित गतिविधियों पर एक ही स्थान से नजर रखी जा सकेगी।
रेल परिचालन के दौरान किसी तरह की असामान्य स्थिति, ट्रेनों की आवाजाही में बदलाव अथवा सिग्नलिंग से जुड़ी समस्या सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल जानकारी मिल सकेगी। इससे त्वरित निर्णय लेने, परिचालन की निगरानी मजबूत करने और ट्रेन संचालन की दक्षता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के लिए यह तकनीकी पहल विशेष महत्व रखती है, क्योंकि बिलासपुर रेल मंडल सहित पूरे जोन में बड़ी संख्या में यात्री एवं मालगाड़ियों का परिचालन होता है। रियल-टाइम मॉनिटरिंग के माध्यम से रेल परिचालन को अधिक व्यवस्थित और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के नेतृत्व में शुरू की गई यह प्रणाली रेलवे में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ सुरक्षित एवं कुशल ट्रेन संचालन की दिशा में नई संभावनाएं खोलती है।
Leave a Reply

