जगदलपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। उड़ीसा पुलिस पर पांच राउंड फायरिंग कर फरार चल रहे एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर को जगदलपुर के न्यू बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ उड़ीसा में चोरी, डकैती समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं और पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले बोरीबम्मा इलाके में पुलिस और हिस्ट्रीशीटर का आमना-सामना हुआ था। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर कथित रूप से 5 राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद उड़ीसा पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी थी।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि फरार हिस्ट्रीशीटर छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश कर रहा है। इसके बाद उड़ीसा पुलिस ने बस्तर पुलिस से संपर्क कर सहायता मांगी। सूचना के आधार पर जगदलपुर पुलिस ने न्यू बस स्टैंड क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू की।
आखिरकार पुलिस टीम ने आरोपी को न्यू बस स्टैंड में दबोच लिया। आरोपी के पूर्व में पुलिस पर फायरिंग करने के कारण गिरफ्तारी के दौरान पुलिसकर्मी बेहद सतर्क नजर आए। पुलिस ने आरोपी को काबू में लेते हुए उसकी कनपटी पर पिस्टल तानकर उसे भागने का कोई मौका नहीं दिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पुलिस सुरक्षा में लिया गया है। अब उड़ीसा पुलिस द्वारा आरोपी से जुड़े पुराने आपराधिक मामलों, हथियार और फरारी के दौरान उसके संपर्कों को लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई उड़ीसा पुलिस द्वारा की जाएगी।

