कोरबा

पेट्रोल पंप की पानी टंकी के पास मिली कर्मचारी की लाश, मचा हड़कंप

कोरबा (ट्रैक सिटी)। मुड़ापार स्थित आरजी पेट्रोल पंप में सोमवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब ड्यूटी पर तैनात एक कर्मचारी की लाश पेट्रोल टंकी से लगी पानी की टंकी के ऊपर मिली। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 39 वर्षीय ओम प्रकाश यादव, निवासी राताखार, के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ओम प्रकाश आरजी पेट्रोल पंप में पेट्रोल डालने का काम करता था और सोमवार को सेकंड शिफ्ट में ड्यूटी पर आया था।
बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान ओम प्रकाश अचानक काफी देर तक नजर नहीं आया। पंप पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पेट्रोल टंकी से लगी पानी की टंकी के ऊपर उसका शव मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही पेट्रोल पंप परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पेट्रोल पंप कर्मचारी खुशी मिश्रा के अनुसार, घटना के समय पंप पर तीन कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान ओम प्रकाश अचानक वहां से लापता हो गया। काफी देर तक उसके नहीं मिलने के बाद कर्मचारियों ने उसकी तलाश की, जिसके बाद पानी की टंकी के ऊपर उसका शव मिला।
स्थानीय स्तर पर यह भी बताया जा रहा है कि ओम प्रकाश शराब का सेवन करता था। शव से पेट्रोल जैसी दुर्गंध आने की बात भी सामने आई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह क्या है, यह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
मानिकपुर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया है। पुलिस द्वारा आसपास मौजूद लोगों और पेट्रोल पंप कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button