आरंग/कोरबा (ट्रैक सिटी)। ग्राम बनचरौदा के पास शिक्षक की हत्या के मामले का आरंग पुलिस और ACCU ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक हत्या के पीछे करीब 30 लाख रुपये की उधारी और तीन महीने के ब्याज का विवाद सामने आया है। मामले में मृतक के साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार किया गया है।
17 सितंबर को ग्राम बनचरौदा के पास एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मृतक की पहचान शिवकुमार चंद्राकर (46), निवासी रामपुर डंगनिया, थाना गोबरा नवापारा के रूप में हुई। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले थे। सूचना के बाद पुलिस, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड और साइबर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
स्कूल के CCTV और VSK ऐप ने खोले राज
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक शिवकुमार चंद्राकर और संदेही चंद्रप्रकाश वर्मा दोनों ग्राम कुम्हारी के स्कूल में शिक्षक हैं। ग्रामीणों और चरवाहे के अनुसार मृतक को आखिरी बार चंद्रप्रकाश के साथ सफेद स्कूटी पर बनचरौदा की ओर जाते देखा गया था।
पुलिस ने स्कूल के CCTV फुटेज के साथ शिक्षा विभाग के VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट की जांच की। पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को चंद्रप्रकाश सुबह करीब 9:35 बजे स्कूल पहुंचा, इसके बाद मोबाइल का लोकेशन बंद कर निजी काम का बहाना बनाकर बाहर चला गया। दोपहर करीब 12:50 बजे स्कूल लौटने के बाद उसने अपने मोबाइल से VSK ऐप पर लॉगिन नहीं किया, बल्कि मोबाइल घर में होने की बात कहते हुए साथी शिक्षक के मोबाइल से उपस्थिति दर्ज की। पुलिस के मुताबिक VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट से यह गतिविधि सामने आई।
30 लाख रुपये की उधारी को लेकर था विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह और शिवकुमार करीब चार वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और रेत, रियल एस्टेट तथा बुलियन मार्केट में ट्रेडिंग करते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मृतक को करीब 30 लाख रुपये उधार दिए थे, जिसके बदले मृतक ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के तीन ब्लैंक चेक दिए थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपी हर महीने ब्याज लेता था, लेकिन पिछले करीब तीन महीने से ब्याज नहीं मिलने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि 17 सितंबर को भी रकम और ब्याज को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और इसके बाद दोनों बनचरौदा के सुनसान इलाके तक पहुंचे।
हथियार और हथौड़े से हमला करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर चंद्रप्रकाश ने स्कूटी में पहले से रखे धारदार हथियार से शिवकुमार के सिर के पीछे वार किया। इसके बाद हथौड़े से सिर और चेहरे पर कई वार कर उसकी हत्या करने की बात आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार की है।
स्कूटी, हथियार, चेक और कपड़े जब्त
आरोपी के कथित मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद स्कूटी, धारदार हथियार, हथौड़ा, तीन ब्लैंक चेक, मृतक का पर्स, दोनों मोबाइल फोन तथा आरोपी के खून लगे जूते-मोजे और कपड़े जब्त किए हैं।
आरंग पुलिस ने आरोपी चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है। पुलिस ने पूरे मामले में CCTV, VSK ऐप लॉग, साइबर साक्ष्यों और भौतिक साक्ष्यों को जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया है।
Leave a Reply

