रायपुर

50 करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप, ढेबर परिवार को धमकी

बिश्नोई गैंग के नाम से आया फोन, पुलिस ने शुरू की तकनीकी जांच

रायपुर (ट्रैक सिटी)। राजधानी रायपुर में ढेबर परिवार को कथित तौर पर बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि परिवार के एक कर्मचारी को फोन कर 50 करोड़ रुपये की मांग की गई। रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दिए जाने की बात सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, ढेबर परिवार के कर्मचारी के मोबाइल पर धमकी भरा कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और 50 करोड़ रुपये की मांग की। बातचीत के दौरान अनवर ढेबर और एजाज ढेबर का नाम लिए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंचने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस कॉल करने वाले की पहचान के लिए मोबाइल नंबर, कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी भरा कॉल कहां से किया गया और इसके पीछे कौन लोग हैं।
गैंग का नाम लेकर धमकाया या वास्तव में कनेक्शन?
जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि धमकी देने वाला वास्तव में किसी संगठित गिरोह से जुड़ा है या बिश्नोई गैंग का नाम लेकर परिवार को डराने की कोशिश की गई। पुलिस व्यक्तिगत रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रख रही है।
रायपुर कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने ढेबर परिवार के सदस्यों को धमकी दिए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि परिवार के सदस्यों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कॉल वास्तव में बिश्नोई गैंग से जुड़ा था या किसी ने गैंग का नाम इस्तेमाल कर धमकी दी।
फिलहाल पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही परिवार की सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर भी पुलिस नजर बनाए हुए है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button