रायपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी) भारतीय जनता पार्टी के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मंचित नाटक ‘नमो सेवा की अनकही कहानियाँ’ और जवान सम्मान समारोह के माध्यम से सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्रवाद के संदेश को एक साथ जनता तक पहुँचाया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक अनुज शर्मा, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन तथा भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक मौजूद रहे।
इस नाट्य प्रस्तुति का मुख्य उद्देश्य केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी सफलता को भावनात्मक और सांस्कृतिक रूप से जनता के बीच स्थापित करना रहा। नाटक में किसान, महिला और सामान्य वर्ग के पात्रों के माध्यम से दिखाया गया कि किस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई नीतियों ने आम जनजीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है! ‘आयुष्मान भारत योजना’ के तहत गरीबों को मिले मुफ्त इलाज और ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ से पक्के मकान के सपने के साकार होने की यात्रा को रेखांकित किया गया। ‘पीएम किसान सम्मान निधि’, ‘प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना’ की सुरक्षा और छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी ‘महतारी वंदन योजना’ के प्रभावों को संवादों के जरिए प्रभावशाली ढंग से सामने रखा गया।
नाटक के एक विशेष दृश्य में वर्ष 2001 के गुजरात भूकंप की विभीषिका और उसके बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के पुनर्निर्माण मॉडल को भी प्रस्तुत किया गया। इसके जरिए यह संदेश दिया गया कि आपदा के दौर में कुशल प्रशासनिक नेतृत्व और दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति से किस तरह विकास की नई इबारत लिखी जा सकती है! सुशासन के संदेश के साथ-साथ कार्यक्रम में राष्ट्रवाद की धारा भी प्रमुखता से देखने को मिली।
’ऑपरेशन सिंदूर’ में भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस को एक विशेष नृत्य नाटिका के जरिए दर्शाया गया। ‘मैं रहूँ या न रहूँ’ और ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ जैसे देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति ने पूरे स्टेडियम को भावविभोर कर दिया।

