कोरबा

विश्व हृदय दिवस पर कोरबा में निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिविर, ECG जांच और CPR प्रशिक्षण की सुविधा।

कोरबा(ट्रैक सिटी)। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर स्वस्थ भारत-समृद्ध भारत अभियान के अंतर्गत “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के तहत कोरबा में विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। आयुष मेडिकल एसोसिएशन, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, आरोग्य भारती, भारत विकास परिषद एवं विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त तत्वावधान में 29 सितंबर 2026 को पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय, एमआईजी-20, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड, कोरबा में यह शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा।

शिविर में हृदय रोगों के साथ-साथ महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के विभिन्न सामान्य, कष्टसाध्य एवं असाध्य रोगों के लिए निःशुल्क आयुर्वेदिक, नेचुरोपैथी, पंचकर्म, षटकर्म, योग एवं ग्रह चिकित्सा परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी। अंचल के अनुभवी आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ एवं श्री शिव औषधालय के संस्थापक नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा, नाड़ीवैद्या डॉ. वागेश्वरी शर्मा और नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा शिविर में चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान करेंगे।

विश्व हृदय दिवस के अवसर पर आयोजित इस शिविर में निःशुल्क ECG जांच के साथ ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच भी की जाएगी। आयोजकों के अनुसार, जरूरत के अनुसार रक्तचाप एवं मधुमेह के नियंत्रण और उपचार के लिए परीक्षित औषधियां तथा अर्जुन टैबलेट भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। हृदय स्वास्थ्य के लिए उपयोगी अर्जुन क्षीर क्वाथ पिलाने की व्यवस्था भी शिविर में रहेगी। इसके अलावा हृदय रोगियों के लिए उपयोगी स्वास्थ्य पुस्तिका का निःशुल्क वितरण किया जाएगा।

शिविर में अचानक होने वाले कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में जीवन बचाने के लिए CPR यानी कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन की जानकारी और प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक, प्रशिक्षण के दौरान ‘सावित्री आसन’ के माध्यम से प्राथमिक जीवनरक्षा उपायों की जानकारी दी जाएगी, ताकि आपात स्थिति में लोग आवश्यक कदम उठा सकें।

नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि विश्व हृदय दिवस का उद्देश्य लोगों को हृदय रोगों के प्रति जागरूक करना और हृदय को स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले लोगों को उनकी आवश्यकता के अनुसार योगाभ्यास और प्राणायाम का व्यक्तिगत प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। साथ ही जीवनशैली, दिनचर्या, ऋतुचर्या, आहार-विहार और स्वास्थ्य संबंधी व्यक्तिगत परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। शिविर में पंजीयन एवं जांच के लिए निर्धारित समय प्राप्त करने के लिए मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क किया जा सकता है। आयोजकों ने बताया कि पूर्व पंजीयन से शिविर में आने वाले लोगों को जांच और परामर्श के दौरान सुविधा मिल सकेगी।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button