कोरबा

पसान थाने से फरार छेड़छाड़ का आरोपी तीन दिन बाद गिरफ्तार, आधी रात घर की घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ा।

कोरबा(ट्रैक सिटी)। कोरबा जिले के पसान थाना परिसर से पुलिस को चकमा देकर फरार हुए छेड़छाड़ के आरोपी खीरचंद (40) को पुलिस ने तीन दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी 22 सितंबर को पसान थाने से फरार हो गया था। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ छेड़छाड़ का पुराना मामला दर्ज है और उसके विरुद्ध स्थायी वारंट भी जारी किया गया था। पुलिस ने 22 सितंबर को उसे गिरफ्तार कर थाने लाया था, जहां पूछताछ के दौरान वह शौचालय जाने का बहाना बनाकर पुलिस को चकमा देते हुए फरार हो गया।

थाने से फरार होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। इस दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि खीरचंद दिन के समय जंगल में छिपा रहता है और रात के समय चोरी-छिपे अपने घर पहुंचता है। बताया गया कि वह रात करीब 11 बजे घर आता था और सुबह करीब 3 बजे फिर जंगल की ओर चला जाता था। आरोपी के घर पर उसकी पत्नी और बच्चे रहते हैं। पुलिस लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी और उसकी संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही थी।

इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि खीरचंद रात में अपने घर आने वाला है। सूचना मिलते ही पसान पुलिस ने 25 सितंबर की आधी रात उसके घर की घेराबंदी कर दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को भागने का मौका दिए बिना उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को थाने लेकर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

पसान थाना प्रभारी सुरेंद्र यादव ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस ने फरार आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार तलाश और निगरानी अभियान चलाया था। तीन दिन तक जंगल में छिपने के बाद आखिरकार आरोपी अपने घर पहुंचा, जहां पहले से तैनात पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button