कोरबा

जनसमस्याओं को लेकर आप का जनहित अभियान

कोरबा (ट्रैक सिटी)। कोरबा जिले की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी ने ‘जनहित अभियान’ शुरू किया है। बुधवार को कोरबा प्रेस क्लब के तिलक भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी ने सड़क, रेल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास और किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। आप नेताओं ने शासन-प्रशासन से इन समस्याओं के समयबद्ध समाधान की मांग की है।

प्रेस वार्ता में पार्टी ने कोरबा जिले के लिए नई ट्रेनों के परिचालन, प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं में सुधार की मांग रखी। वहीं सड़कों पर आवारा मवेशियों के स्थायी प्रबंधन, बिजली बिलों में राहत और जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग भी उठाई गई।

स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता, आवश्यक दवाइयों और जांच सुविधाओं की व्यवस्था की मांग की गई। शिक्षा के क्षेत्र में जर्जर सरकारी स्कूल भवनों के जीर्णोद्धार, पर्याप्त शिक्षकों की पदस्थापना, पेयजल और शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही गई।

ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ किसानों की सिंचाई, कृषि लागत, फसल मूल्य और कृषि बिजली से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग भी पार्टी ने रखी।

आनंद सिंह ठाकुर
प्रदेश प्रवक्ता, आम आदमी पार्टी

जगलाल राठिया
प्रदेश संगठन मंत्री, आम आदमी पार्टी

आप के प्रदेश प्रवक्ता आनंद सिंह ठाकुर, प्रदेश संगठन मंत्री जगलाल राठिया और जिलाध्यक्ष रिचर्ड डेबिट लोगन ने कहा कि इन जनसमस्याओं के समाधान के लिए शासन-प्रशासन को समयबद्ध कार्रवाई करनी चाहिए। पार्टी ने मांगें पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्रेस वार्ता में जिला संगठन मंत्री लहना सिंह, सोमराज, यूथ विंग जिलाध्यक्ष आजाद बक्स, जिला उपाध्यक्ष धर्मदास गांधी, लोकसभा उपाध्यक्ष भूषण कुर्रे, महिला जिलाध्यक्ष/उपाध्यक्ष सरोज यादव सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आम आदमी पार्टी ने इन मुद्दों को लेकर जनहित अभियान की शुरुआत कर दी है। अब इन मांगों पर शासन-प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई होती है, यह देखने वाली बात होगी।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button