रायपुर

ज्वेलर्स दुकान की दीवार में छेद कर लाखों के आभूषण चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार।

रायपुर(ट्रैक सिटी)। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दुकान की दीवार में छेद कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पूरी मशरूका और वारदात में प्रयुक्त वाहनों सहित करीब 14.51 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, ज्वेलर्स दुकान के संचालक सुनील जैन ने 30 सितंबर को गुढ़ियारी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 29 सितंबर की रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 10.30 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा मिला। दुकान की दाहिनी ओर की दीवार में बड़ा छेद था और डिस्प्ले में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 430/26, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया था।

पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर जोन) दीपमाला कश्यप की निगरानी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा रामनगर पुलिस चौकी की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ दुकान के कर्मचारियों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के हजारों फुटेज खंगाले गए। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण कर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई।

जांच के दौरान पुलिस ने विशाल सचदेव और सूरज ढीमर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, इस चोरी का मास्टरमाइंड विशाल सचदेव है। उसने महासमुंद में बर्फ की फैक्ट्री शुरू की थी, जिसके लिए उसने लाखों रुपये का कर्ज लिया था। फैक्ट्री नहीं चलने से वह आर्थिक संकट में आ गया था और कर्ज देने वाले लगातार पैसों की मांग कर रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, आर्थिक परेशानी के चलते विशाल ने अपनी फैक्ट्री में काम करने वाले सूरज ढीमर और एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। आरोपियों ने ज्वेलर्स दुकानों की रेकी की और रामनगर स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स को निशाना बनाया। 26-27 सितंबर की रात आरोपियों ने दुकान की दीवार में आधा छेद किया और वहां से लौट गए। इसके बाद 29-30 सितंबर की रात दोबारा पहुंचकर पहले किए गए छेद को बड़ा किया और दुकान में प्रवेश कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने के आभूषण, चांदी के करीब 3.5 किलोग्राम वजन के आभूषण, आर्टिफिशियल ज्वेलरी तथा वारदात में प्रयुक्त स्वीफ्ट कार क्रमांक CG 04 MT 8303 और बिना नंबर की एक्टिवा बरामद की है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 14 लाख 51 हजार 700 रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में विशाल सचदेव (38), निवासी रामली हवलाई गली के पीछे आरएस बर्फ फैक्ट्री, थाना आजाद चौक, रायपुर तथा सूरज ढीमर (32), निवासी ग्राम सुनवानी, थाना मझोली, जिला जबलपुर, मध्यप्रदेश, हाल निवासी ग्राम बेलसुण्डा, थाना कोतवाली, जिला महासमुंद शामिल हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button