कोरबा

जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता का संदेश लेकर चला अभियान

हसदेव बैराज जलप्रबंध संभाग रामपुर में अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने लिया जल स्रोतों को स्वच्छ रखने का संकल्प

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ हसदेव जल संसाधन विभाग के तत्वावधान में हसदेव बैराज जलप्रबंध संभाग, रामपुर में ‘जल जन सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत स्वच्छता एवं जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य जल के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना, जलाशयों और अन्य जल स्रोतों की सुरक्षा के लिए जनभागीदारी बढ़ाना तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश देना था।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई मित्रों और स्थानीय नागरिकों ने हाथों में ‘जल जन सेवा संकल्प’ के पंपलेट लेकर जल की प्रत्येक बूंद बचाने और जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके बाद परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया गया। सहभागी लोगों ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता में श्रमदान किया और आसपास के लोगों को भी अपने परिवेश को साफ रखने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि जल जीवन का आधार है। पेयजल, कृषि, उद्योग और प्रकृति के संतुलन के लिए जल स्रोतों का संरक्षण आवश्यक है। बैराज, जलाशय और नदियां केवल जल उपलब्ध कराने के साधन नहीं, बल्कि क्षेत्र के पर्यावरण और जनजीवन से भी जुड़ी हैं। इनकी स्वच्छता और सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भी है।

उन्होंने जल के विवेकपूर्ण उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि जल की बर्बादी रोकना और वर्षा जल का संरक्षण करना समय की आवश्यकता है। आज जल संसाधनों की सुरक्षा के लिए उठाए गए छोटे-छोटे कदम आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य की नींव बन सकते हैं। जल स्रोतों में कचरा नहीं डालना, पानी का अनावश्यक उपयोग रोकना और स्वच्छता बनाए रखना हर नागरिक का दायित्व है।

अभियान में सिंचाई विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सफाई मित्रों तथा स्थानीय ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से जल संरक्षण और स्वच्छता के कार्यों में सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया।

 

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button