कोरबा (ट्रैक सिटी)। कोरबा में नगरीय निकाय के अधिकारी-कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने वेतन संशोधन, पदोन्नति, नियमितीकरण सहित 18 सूत्रीय मांगों को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित किया। वहीं संगठन ने आगामी 9 अक्टूबर को रायपुर के गांधी मैदान में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का भी ऐलान किया है।
नगरीय निकाय के अधिकारी और कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर आंदोलन का सिलसिला जारी है। कोरबा में कर्मचारियों ने धरना देकर अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया।
संगठन की ओर से जारी मांग पत्र में तीन स्तरीय वेतन संशोधन लागू करने, दैनिक वेतनभोगी, अस्थायी और संविदा कर्मचारियों को नियमित कर स्थायी सेवा का लाभ देने, पदोन्नति की रिक्तियों को जल्द भरने और वर्ष में कम से कम दो बार पदोन्नति देने की मांग शामिल है।
इसके अलावा मूल्य स्तर परिलक्षित भत्ता, अवशेष कर्म एवं प्लेसमेंट आउटसोर्सिंग पर प्रतिबंध, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के देयकों का समय पर भुगतान और नगरीय निकायों के रिक्त पदों पर 50 प्रतिशत भर्ती तथा 50 प्रतिशत पदोन्नति की मांग भी रखी गई है।
कर्मचारियों ने पदोन्नति के लिए न्यूनतम सेवा अवधि और अनुभव में सरलीकरण, सेवा शर्तों एवं अवकाश-भत्तों को अन्य विभागों के समकक्ष करने, महिला कर्मचारियों के लिए विशेष सुविधाएं, पहचान पत्र, यूनिफॉर्म और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की है।
वहीं संविदा कर्मचारियों का मानदेय पुनरीक्षित कर नियमित कर्मचारियों के समकक्ष करने, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि एवं सम्मान, पुरानी पेंशन योजना यानी OPS को पुनः लागू करने तथा डिजिटल कार्यप्रणाली के लिए आवश्यक प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी शामिल है।

