कोरबा

ओमपुर में प्रार्थना सभा को लेकर विरोध, पुलिस ने समझाइश देकर कराया शांत

कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिले के रजगामार क्षेत्र के ओमपुर में रविवार सुबह एक निजी आवास पर आयोजित प्रार्थना सभा को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सभा पर आपत्ति जताते हुए मामले की जांच की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर लोगों को समझाइश दी, जिसके बाद स्थिति शांत हुई।

बजरंग दल के अनुसार, निजी आवास में बिना अनुमति प्रार्थना सभा आयोजित किए जाने और हिंदू समुदाय के लोगों को इसमें शामिल किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद रजगामार प्रखंड सह-संयोजक प्रवीण राठौर सहित संगठन के अन्य कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। संगठन के जिला संयोजक राणा मुखर्जी ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने उचित कार्रवाई नहीं होने पर संवैधानिक तरीके से आंदोलन करने की चेतावनी भी दी।

वहीं, पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुंचकर प्रार्थना सभा में शामिल लोगों को समझाइश दी गई और स्थिति शांत कराई गई। नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सभा आयोजित करने वालों को आवश्यक अनुमति लेने और गतिविधियां नियमानुसार संचालित करने की समझाइश दी गई है। शिकायत मिलने पर उसके तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

कथित धर्मांतरण की पुष्टि नहीं: फिलहाल प्रार्थना सभा को लेकर लगाए गए धर्मांतरण संबंधी आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में जांच और संबंधित पक्षों के तथ्यों के आधार पर ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button