कोरबा

दशहरा पर्व को लेकर कोरबा पुलिस अलर्ट, गुण्डा-बदमाशों को दी सख्त चेतावनी

 शांति व्यवस्था बनाए रखने पुलिस की व्यापक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, असामाजिक तत्वों पर रहेगी नजर

कोरबा (ट्रैक सिटी)। आगामी दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में गुण्डा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों और पूर्व में मारपीट सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे व्यक्तियों के विरुद्ध व्यापक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

इसी कड़ी में पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों को थाना एवं चौकी में तलब कर सख्त समझाइश दी। उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद, हुड़दंग, मारपीट अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल न हों और अपने आचरण में सुधार लाएं। साथ ही क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत भी दी गई।

पुलिस द्वारा ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विधि के अनुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पाबंद किया गया है, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दशहरा पर्व के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर विवाद करने, हुड़दंग मचाने, शांति व्यवस्था बिगाड़ने अथवा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे व्यक्तियों को विशेष रूप से सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।

पुलिस ने नागरिकों से की सहयोग की अपील

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से दशहरा पर्व को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में आम जनता का सहयोग महत्वपूर्ण है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या असामाजिक तत्व की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना अथवा चौकी को सूचित करें या डायल-112 पर संपर्क करें।

सजग कोरबा, सतर्क कोरबा — कोरबा पुलिस।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button