कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिले के कोरबी चौकी अंतर्गत ग्राम लाद में एक 70 वर्षीय वृद्धा की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घर में सो रही वृद्धा पद्मनिया बाई की अज्ञात आरोपी ने मुंह में कपड़ा ठूंसकर नायलॉन की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। प्रारंभिक तौर पर वारदात के पीछे टोना-टोटके से जुड़ी आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम लाद निवासी 70 वर्षीय पद्मनिया बाई घर में सो रही थीं। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और नायलॉन की रस्सी से गला घोंट दिया। हमले में वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के दौरान आरोपी ने घटनास्थल पर ही शौच भी किया, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
सुबह बहू ने देखा शव, मचा हड़कंप
घटना का खुलासा सुबह उस समय हुआ, जब वृद्धा की बहू घर पहुंची। चारपाई पर पद्मनिया बाई का शव देखकर उसके होश उड़ गए। देखते ही देखते घटना की जानकारी गांव में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही कोरबी चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वाड तथा फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। डॉग स्क्वाड के प्रशिक्षित खोजी कुत्ते ने घटनास्थल से सुराग तलाशते हुए बाघा तालाब तक ट्रेल दिया, लेकिन क्षेत्र में हुई बारिश के कारण आगे का सुराग नहीं मिल सका। वहीं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।
टोना-टोटके की आशंका सहित सभी पहलुओं पर जांच
घटनास्थल की परिस्थितियों और आरोपी की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए टोना-टोटके से जुड़ी आशंका भी सामने आ रही है। हालांकि पुलिस इस संबंध में अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, परिस्थितिजन्य तथ्यों और संभावित सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
70 वर्षीय वृद्धा की घर में इस तरह हत्या किए जाने से ग्राम लाद सहित आसपास के क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस वारदात के पीछे कौन था और हत्या की असली वजह क्या है।
