कोरबा (ट्रैक सिटी)। कोरबा जिले के कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा जंगल में उस वक्त ग्रामीणों की सांसें थम गईं, जब ट्रैक्टर से जा रहे ग्रामीणों के सामने अचानक एक विशालकाय हाथी आ पहुंचा। हाथी को सामने देखकर ट्रैक्टर में सवार ग्रामीणों के बीच हड़कंप मच गया। कुछ देर के लिए उनकी जान आफत में पड़ गई।
बताया जा रहा है कि हाथी ने ट्रैक्टर को निशाना बनाते हुए उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान ट्रैक्टर के इंजन की तेज आवाज और ग्रामीणों के शोर-शराबे से हाथी घबरा गया और वापस जंगल की ओर भाग निकला।
हाथी के जंगल की ओर लौटने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि इस पूरी घटना में किसी ग्रामीण के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन ट्रैक्टर को नुकसान पहुंचा है।
गौरतलब है कि कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्रों में हाथियों की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों को लगातार खतरे का सामना करना पड़ रहा है। जंगल के रास्तों से आवागमन करने वाले ग्रामीणों में अब हाथियों का भय बना हुआ है। ऐसे में वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों को सतर्क करने की जरूरत है।
जांच का विषय: हाथी के सामने ग्रामीणों की मौजूदगी पर उठे सवाल
घटना को लेकर एक अहम सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या ग्रामीण वास्तव में किसी आवश्यक काम से ट्रैक्टर के जरिए जंगल के रास्ते सफर कर रहे थे, या फिर वे जानबूझकर जंगल के भीतर पहुंचे थे? आखिर ट्रैक्टर किस उद्देश्य से जंगल के अंदर गया था और घटना के समय उसमें कितने लोग सवार थे? इन पहलुओं की जांच होना जरूरी है। वन विभाग को घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाकर यह स्पष्ट करना चाहिए कि हाथी और ग्रामीणों का आमना-सामना किन परिस्थितियों में हुआ। बिना जांच के किसी एक पक्ष को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं होगा।
