कोरबा (ट्रैक सिटी)। कोरबा वनमंडल के कुदमुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम जिल्गा के जंगल में जंगली हाथी की मौजूदगी के दौरान ट्रैक्टर लेकर उसके नजदीक पहुंचना ग्रामीणों को भारी पड़ गया। हाथी ने अचानक आक्रामक होकर ट्रैक्टर पर हमला कर दिया और उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना को लेकर वन विभाग के एसडीओ मणिकांत वर्मा ने विभाग का पक्ष रखते हुए ग्रामीणों की लापरवाही को घटना की वजह बताया है।
एसडीओ मणिकांत वर्मा के अनुसार, घटना के दौरान वन विभाग का हाथी मित्र दल अपने वाहन के साथ मौके पर तैनात था। दल के सदस्य लगातार ग्रामीणों को समझाइश दे रहे थे कि वे हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और किसी भी परिस्थिति में जंगल के भीतर प्रवेश न करें। हाथी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए लोगों को सुरक्षित रखने का प्रयास किया जा रहा था।
इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा दूसरी ओर से ट्रैक्टर लेकर हाथी के नजदीक पहुंचने का प्रयास किया गया। अचानक हुई इस गतिविधि से हाथी आक्रामक हो गया और उसने ट्रैक्टर पर हमला कर दिया। इस हमले में ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी जनहानि की सूचना सामने नहीं आई।
एसडीओ मणिकांत वर्मा ने कहा कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। हाथी के नजदीक जाना, उसे घेरने की कोशिश करना या वाहनों के माध्यम से उसका पीछा करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। ऐसी गतिविधियों से हाथी उत्तेजित होकर हमला कर सकता है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर विभागीय टीम के निर्देशों का पालन करें और हाथी से पर्याप्त दूरी बनाए रखें। जंगल में अनावश्यक प्रवेश न करें तथा हाथियों को देखने या भगाने के लिए उनके करीब जाने का जोखिम न उठाएं।
वन विभाग का कहना है कि हाथी-मानव द्वंद्व की घटनाओं को रोकने के लिए हाथी मित्र दल लगातार क्षेत्र में निगरानी और जागरूकता का काम कर रहा है। ऐसे में ग्रामीणों का सहयोग और सतर्कता ही संभावित दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
