बिलासपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और महिलाओं के सम्मान को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच और छठ पूजा समिति के प्रतिनिधियों ने बिलासपुर में एडीशनल एसपी पंकज पटेल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधियों ने कॉमेडियन के खिलाफ जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
समिति के प्रतिनिधियों की शिकायत के अनुसार, बीते 24 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित एक कॉमेडी शो के दौरान यश माहेश्वरी ने बिहार की महिलाओं, लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा और पारंपरिक सिंदूर को लेकर कथित तौर पर अशोभनीय एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। इस कार्यक्रम का वीडियो 21 नवंबर को यूट्यूब पर अपलोड किया गया, जिसके बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने नाराजगी जताई है।
पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच ने इन टिप्पणियों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था, पारंपरिक मान्यताओं और मातृशक्ति के सम्मान के विरुद्ध बताया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि छठ पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, विश्वास और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महापर्व है। इस पर्व में महिलाएं कठिन व्रत रखकर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की मंगलकामना के लिए भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करती हैं।
शिकायतकर्ताओं ने विशेष रूप से नाक से माथे तक लगाए जाने वाले पारंपरिक सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सुहाग, सम्मान, आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। ऐसी परंपराओं का मजाक उड़ाना महिलाओं की गरिमा और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी की धार्मिक आस्था, संस्कृति और महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियों को उचित नहीं ठहराया जा सकता।
व्यक्तिगत द्वेष नहीं, आस्था और सम्मान की रक्षा उद्देश्य
ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि इस कार्रवाई की मांग के पीछे किसी व्यक्ति के प्रति व्यक्तिगत द्वेष नहीं है। उनका उद्देश्य धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और महिलाओं के सम्मान की रक्षा करना है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए उपलब्ध वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
पटना और दिल्ली में भी कार्रवाई की जानकारी
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, इस मामले को लेकर पहले ही पटना साइबर पुलिस और दिल्ली में भी कार्रवाई की जा चुकी है। इसी क्रम में बिलासपुर के छठ घाट समिति और पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच के प्रतिनिधियों ने एडीशनल एसपी पंकज पटेल को ज्ञापन सौंपकर मामले में एफआईआर दर्ज करने, डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराने और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
इस दौरान शिकायतकर्ता रौशन सिंह और रामप्रताप सिंह ने अपनी बात रखते हुए कहा कि धार्मिक आस्था और महिलाओं के सम्मान से जुड़े विषयों पर इस तरह की टिप्पणियां समाज में आक्रोश पैदा करती हैं। ऐसे मामलों में पुलिस प्रशासन को निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं, एडीशनल एसपी पंकज पटेल ने प्रतिनिधिमंडल को मामले की जांच कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिलाया। अब शिकायत पर पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई को लेकर सभी की नजरें पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं।

