सुकमा

आदि कर्मयोगी अभियान से बदली सुकमा की तस्वीर।

शिविरों में ऑन-द-स्पॉट बन रहे आयुष्मान, आधार और वय वंदन कार्ड हजारों ग्रामीणों को मिल रहा सीधा लाभ।

सुकमा (ट्रैक सिटी)/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल और वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के निर्देशों के परिपालन में सुकमा जिले के दूरस्थ जनजातीय गांवों में चलाए जा रहे ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिल रही है। जिन छोटी-छोटी सरकारी सेवाओं के लिए पहले ग्रामीणों को ब्लॉक या जिला मुख्यालय का चक्कर लगाना पड़ता था, अब वे सभी सुविधाएं सीधे उनके गांव तक पहुंच रही हैं।

277 आदि सेवा केंद्रों में तीन दिवसीय शिविर

कलेक्टर सुकमा अमित कुमार के निर्देशन में सुकमा जिले के सभी 277 आदि सेवा केंद्रों में 13 से 15 अगस्त तक तीन दिवसीय जनसुनवाई एवं सेवा-संतृप्ति शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में ग्रामीणों की समस्याओं की सुनवाई कर कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया जा रहा है।

2,600 से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी

14 अगस्त शाम 4 बजे तक शिविरों में ही 2,600 से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। आयुष्मान कार्ड के साथ-साथ आधार कार्ड और वय वंदन कार्ड जैसी अति-आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। अब तक सरकारी योजनाओं से छूटे हुए पात्र हितग्राहियों की पहचान कर मौके पर ही उनके दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों का समय और धन दोनों बच रहा है।

आदि सेवा स्वयंसेवकों की सराहनीय भूमिका और डिजिटल मॉनिटरिंग

इस अभियान को सफल बनाने में ‘आदि सेवा स्वयंसेवक’ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वे घर-घर जाकर ग्रामीणों को शिविरों की जानकारी दे रहे हैं और उन्हें संबंधित स्टॉल तक पहुंचाने में मदद कर रहे हैं। वहीं, व्यवस्था को पारदर्शी और प्रभावी बनाए रखने के लिए अधिकारियों द्वारा शिविरों की लगातार डिजिटल मॉनिटरिंग की जा रही है।

15 अगस्त को होगा ध्वजारोहण

15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी आदि सेवा केंद्रों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और सामुदायिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे गांवों तक सेवा के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश भी पहुंचेगा। आदि कर्मयोगी अभियान सुकमा के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में शासन और आम जनता के बीच विश्वास का एक मजबूत सेतु साबित हो रहा है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button